ऑस्ट्रेलिया में खालिस्तानीयों ने भारतीय छात्र को सरिये डंडो से पीटा, "खालिस्तान जिंदाबाद" के लगाये नारे
जयपुर न्यूज डेस्क। शुक्रवार को आॅस्ट्रेलिया में खालिस्तानी कट्टपंथियों ने भारतीय छात्र पर लोहे के डंडो से हमला कर दिया। एक मीडिया रिपोर्ट में के अनुसार खालिस्तानी समर्थकों ने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए छात्र पर हमला किया। जानकारी के मुताबिक चरमपंथी तत्वों की गतिविधियों का विरोध करने पर खालिस्तान समर्थकों ने छात्र को लोहे की छड़ों से पीटा।
ऑस्ट्रेलिया टुडे समाचार पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, छात्र काम पर जा रहा था, तभी सिडनी के पश्चिमी उपनगर मेरीलैंड्स में "खालिस्तान जिंदाबाद" के नारे लगाते हुए हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। नाम न छापने की शर्त पर छात्र ने कहा, "आज सुबह 5.30 बजे जब मैं काम पर जा रहा था, कुछ 4-5 खालिस्तान समर्थकों ने मुझ पर हमला कर दिया।"
उन्होंने कहा, "जैसे ही मैं अपनी ड्राइविंग सीट पर बैठा, ये खालिस्तान समर्थक कहीं से आ गए। उनमें से एक ने मेरे वाहन का बाईं ओर का दरवाजा खोला और मेरी बाईं आंख के नीचे मेरे गाल पर लोहे की रोड से हमला कर दिया।"
छात्र, जो ड्राइवर के रूप में भी काम करता है, ने कहा कि फिर उसे वाहन से बाहर खींच लिया गया और लोहे की छड़ों से पीटा गया। उन्होंने बताया कि दो हमलावरों ने हमले की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।
रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा गया, ''वे पूरे समय बार-बार ''खालिस्तान जिंदाबाद'' का नारा लगा रहे थे।''
उन्होंने कहा, "5 मिनट के भीतर सब कुछ हुआ और वे यह कहते हुए चले गए कि खालिस्तान मुद्दे का विरोध करने के लिए यह मेरे लिए एक सबक होना चाहिए। यदि नहीं, तो वे मुझे इस तरह और सबक देने के लिए तैयार हैं।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि न्यू साउथ वेल्स (एनएसएफ) पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया गया और भारतीय छात्र को वेस्टमीड अस्पताल ले जाया गया, उसके सिर, पैर और बांह पर गंभीर चोटें आईं।